📌 Coronavirus Update: हिमाचल में 66 पहुंचा संक्रमितों आंकड़ाहिमाचल में कोरोना महामारी तेजी से पांव पसार रही है। इस महामारी ने अब कोरोना कर्मवीरों को भी अपनी गिरफ्त में लाना शुरू कर दिया है। सूबे में पहली बार एक हेड कांस्टेबल और एक डॉक्टर भी कोरोना की चपेट में आ गए है। प्रदेश में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 25 पहुंच गई है। राज्य में अब तक 66 कोरोना पॉजिटिव मामले आ चुके हैं। कोरोना से दो की मौत हुई है। 35 लोग स्वस्थ होकर घर चले गए हैं। चार लोग हिमाचल से बाहर चले गए हैं। राज्य में अब तक 23247 लोगों को निगरानी में रखा गया। इनमें से 7425 लोगों ने 28 दिन की जरूरी निगरानी अवधि को पूरा कर लिया है और सभी स्वस्थ्य हैं। राज्य में अब तक 12219 लोगों की कोरोना को लेकर जांच की गई है।
📌 मंगलवार को आए सात नए मामले, अब 25 एक्टिवहिमाचल में मंगलवार सात नए मामले आए। जिनमें से पांच कांगड़ा और दो हमीरपुर के हैं, देर रात कांगड़ा जिले में एक डॉक्टर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। संक्रमित डॉक्टर की टांडा अस्पताल के कोरोना वार्ड में ड्यूटी लगी हुई है। मंगलवार को प्रदेश में एक साथ सात नए कोरोना संक्रमण के केस सामने आए हैं जिनमें से कांगड़ा जिले में पांच और दो हमीरपुर जिले सेसंक्रमित पाए गए। संक्रमित पुलिस कर्मी कांगड़ा जिले के पंचरुखी पुलिस थाने में तैनात है, इसके चलते थाने को 10 दिन के लिए सील कर दिया है। वहीं, बैजनाथ के पपरोला का 62 वर्षीय संक्रमित मरीज बनूरी में पिछले पांच दिन से दुकान में चाय बेचता रहा। एक मोटर वर्कशाप के कर्मचारी रोज इस बुजुर्ग की दुकान पर चाय पी रहे थे। यह बुजुर्ग अस्थमा का भी मरीज है। कांगड़ा जिले की जमानाबाद पंचायत में एक 33 वर्षीय युवक भी पॉजिटिव निकला है, जो 30 अप्रैल को पंचकूला से अपने घर स्कूटी से लौटा था। जमानाबाद में अब दो पॉजिटिव केस आ चुके हैं। पांच मई को ग्रीन जोन में शामिल कांगड़ा जिले में पिछले सात दिन में 10 मामले आ गए हैं। 30 अप्रैल को दिल्ली से हमीरपुर अपने घर लौटे दो और व्यक्ति मंगलवार को कोरोना वायरस की चपेट में आ गए हैं। ये दोनों मामले उपमंडल सुजानपुर के अंतर्गत गांव बजरोल और पलभु के हैं। स्वास्थ्य विभाग ने 9 मई को ग्राम पंचायत बजरोल के 50 वर्षीय व्यक्ति और पलभु गांव के 30 वर्षीय व्यक्ति के सैंपल लिए थे, जिनकी आईएचबीटी पालमपुर से रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
📌 देश भर में 70,756 संक्रमित, 2293 मौतदेशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 70,756 हो गई है, जिनमें 46,008 सक्रिय हैं, 22,455 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 2293 लोगों की मौत हो चुकी है।
📌 दुनिया भर में दो लाख 87 हजार मौत, 42 लाख संक्रमितदुनिया वैश्विक महामारी कोरोना के कहर से लगातार जूझ रही है। इस वायरस से मरने वालों की संख्या दो लाख 87 हजार से ज्यादा हो गई है और संक्रमितों की संख्या 42 लाख को पार कर गई है। जबकि 15 लाख 27 हजार से ज्यादा लोगों ने कोरोना को मात दी है। दुनिया में सबसे ज्यादा प्रभावित देश अमेरिका में मृतकों की संख्या 81 हजार को पार कर गई है और 13 लाख 85 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं।
📌 बाहरी राज्यों से लौटेंगे 55 हजार हिमाचलीमुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि पिछले कुछ दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों में फंसे लगभग एक लाख हिमाचलवासी राज्य में वापस आए हैं। सीएम ने कहा कि कुछ दिनों में लगभग 55 हजार और लोगों के वापस आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग रेड और ऑरेंज जोन से आ रहे हैं। इसलिए जरूरी है कि उचित स्वास्थ्य जांच हो और उन्हें क्वारंटीन में रखा जाए। सीएम ने मंगलवार को पंचायत प्रतिनिधियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से संबोधित कर कहा कि प्रधान, आशा कार्यकर्ता और अन्य स्वास्थ्य कार्यकर्ता बाहर से आने वाले लोगों के पहुंचने से पहले उनके घरों पर पहुंचे।
📌 आज बाहरी राज्यों से आएंगे 789 हिमाचलीलॉकडाउन के बाहरी राज्यों में फंसे लोगों को घर पहुंचाने के लिए पहली विशेष ट्रेन आज दोपहर एक बजे ऊना रेलवे स्टेशन पहुंचेगी, जिसमें 789 हिमाचली यात्री विशेष ट्रेन से आ रहे है। ट्रेन 11 मई को बंगलूर से रवाना हुई है। रेलवे स्टेशन पूरी तरह से सील कर दिया गया है। पिछले दो दिन से प्रशासनिक अधिकारी व्यवस्था बनाने में जुटे हुए हैं। पहली विशेष ट्रेन से आने वाले यात्रियों को जिलावार रेलवे स्टेशन पर उतारा जाएगा। सबसे पहले चंबा उसके बाद कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, बिलासपुर, किन्नौर, शिमला, सिरमौर, सोलन, हमीरपुर और उसके बाद ऊना के निवासियों को स्टेशन पर उतारा जाएगा।
📌 बाहर से आने वालों के प्रति पूरी सतर्कतामुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग एक लाख लोग पहले ही देश के विभिन्न हिस्सों से राज्य में पहुंच चुके हैं और आने वाले कुछ दिनों में हजारों लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि सरकार अतिरिक्त सावधानी बरत रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि इन सभी लोगों की पूरी तरह से चिकित्सकीय जांच की जा सके और रेड जोन से आने वाले लोगों को संस्थागत क्वारंटीन में रखा जाएगा।
📌 लॉकडाउन 4:0 : हिमाचल में चलेंगी बसेंमुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में चौथे लॉकडाउन में आर्थिक गतिविधियों को शुरू करने के लिए कई बड़े फैसले लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि 17 मई के बाद प्रदेश के भीतर कुछ शर्तों पर बसें चलाने पर भी फैसला लिया जा सकता है। इसके अलावा आवाजाही को सरकारी नियमों के तहत और ज्यादा ढील दिए जाने पर विचार हो सकता है। सचिवालय में मीडिया से अनौपचारिक बातचीत करते हुए सीएम ने कहा कि 17 मई के बाद कामकाज की बड़े स्तर पर छूट दिए जाने की योजना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में कोविड-19 महामारी से प्रभावी ढंग से निपट रही है। सरकार ने कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए त्रि-स्तरीय रणनीति अपनाई है। राज्य सरकार ने कोविड-19 से संक्रमित लोगों के उपचार के लिए तीन प्रकार के संस्थान स्थापित किए गए हैं। कोविड-19 लक्षण प्रकट न होने वाले लोगों के लिए राज्य में अब तक 1300 बिस्तर की क्षमता वाले 24 कोविड केयर सेंटर, मॉडरेट लक्षण वाले लेगों के लिए 500 बिस्तर की क्षमता वाले 11 समर्पित कोविड स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए हैं। इसके अतिरिक्त गंभीर लक्षण वाले लोगों को 700 बिस्तरों की क्षमता वाले प्रदेश के चार कोविड अस्पतालों में रखा जाएगा। प्रदेश में 115 वेंटिलेटर, 25,000 पीपीई किट्स और 20,000 एन-95 मास्क उपलब्ध हैं।
📌 हिमाचल कैबिनेट की बैठक आज हिमाचल मंत्रिमंडल की बैठक आज 11 बजे पीटरहॉफ में बुलाई गई है। इस बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित फैसले होंगे। एपीएल के राशन की कटौती, बिजली बोर्ड और शिक्षा विभाग से संबंधित फैसले होंगे। वहीं, कोरोना वायरस से बचाव के लिए हिमाचल के सरकारी और निजी स्कूलों को अभी खोलने का सरकार जोखिम नहीं उठाना चाहती है। ऐसे में स्कूलों को 31 मई तक बंद रखने का फैसला लिया गया है।कॉलेजों में 25 मई से होने वाली छुट्टियों को 18 मई से 10 जून तक देने का विचार है। इन छुट्टियों के समाप्त होते ही कॉलेजों में परीक्षाएं शुरू होंगी। शिक्षा विभाग ने 17 मई को लॉकडाउन समाप्त होने के बाद शैक्षणिक गतिविधियां शुरू करने के लिए एक्जिट प्लान तैयार कर लिया है। मंत्रिमंडल की बैठक में इस प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी के लिए रखा जाएगा।
📌 एक सप्ताह में बहाल होगा मनाली-लेह मार्गसामरिक महत्व वाला करीब 1100 किलोमीटर लंबा मनाली-लेह मार्ग जल्द यातायात के लिए बहाल होने जा रहा है। इसके लिए करीब एक हफ्ते का समय लग सकता है। इस वर्ष कोविड-19 के चलते सैलानियों की आवाजाही नहीं हो रही है। लेकिन हालात सामान्य होने पर पर्यटक इस मार्ग के सुहाने सफर का आनंद उठा पाएंगे। बीआरओ कड़ी मशक्कत के बाद मनाली-लेह मार्ग की बहाली के नजदीक पहुंच गया है। बीआरओ की लेह स्थित हिमांक परियोजना ने सरचू तक सड़क को पहले ही बहाल कर दिया है। मनाली स्थित दीपक परियोजना के जवान दोनों तरफ से बारालाचा दर्रे से बर्फ हटाने में जुटे हैं।
📌 ड्यूटी में कोताही बरतने वाले 108 कर्मियों पर FIRफोरेस्ट रेस्ट हाउस स्वारघाट में बनाए क्वारंटाइन सेंटर में रखे बिलासपुर के युवक की आईजीएमसी ले जाते समय मौत पर 108 कर्मियों पर ड्यूटी में कोताही के आरोप में स्वारघाट थाना स्वारघाट में मामला दर्ज कर किया गया है। रविवार को बिलासपुर निवासी युवक हंसराज पुत्र चिरंजी लाल को दोपहर बाद अचानक दौरा पड़ा था, जिसके बाद 108 पर फोन कर एंबुलेंस की मांग की गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 108 एंबुलेंस करीब पौने घंटे बाद पहुंची, जबकि युवक कमरे में गिरा पड़ा था। हैरानी है कि देरी से पहुंचने के बावजूद 108 एंबुलेंस कर्मियों ने अचेत पड़े युवक को कमरे से बाहर लाने व एंबुलेस में रखने की जहमत तक नहीं की। करीब डेढ़ घंटे बाद पुलिस थाना स्वारघाट के प्रभारी बलबीर सिंह खुद मौके पर गए और अपनी पुलिस टीम के साथ युवक को क्वारंटाइन केंद्र के कमरे से बाहर निकालकर एंबुलेंस में रखा। डीएसपी श्रीनयनादेवी संजय शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।
📌 मुख्यमंत्री ने कहा : युवक की मौत की होगी जांचमुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने स्वारघाट के एक युवक की मौत के मामले में एडीएम बिलासपुर द्वारा मजिस्ट्रियल जांच करवाने का फैसला लिया है, जिसे उपचार के लिए शिमला रैफर किया गया था। उन्होंने कहा कि इस संबंध में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
📌 सेनेटाइजर घोटाले की होगी विजिलेंस जांचमुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हिमाचल सचिवालय के सेनेटाइजर घोटाले में विजिलेंस जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अपने आदेशों में कहा है कि कोरोना संकट के बीच सचिवालय में हुई सेनेटाइजर खरीद की विभागीय जांच पूरी हो गई है। इस आधार पर कुछ कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है। उनका कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए यह केस अब स्टेट विजिलेंस एंड एंटी क्रप्शन ब्यूरो को सौंपा जाएगा। मुख्यमंत्री मंगलवार को सचिवालय में मीडिया से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे।
📌 मंडी : खड्ड में डूबने से युवक की मौतनाचन क्षेत्र की स्यांज पंचायत के ग्वाड़ गांव के एक किसान की खेतों में काम करते हुए पांव फिसलने से ज्यूणी खड्ड में डूबने से मौके पर मौत हो गई। इसकी पहचान राम कृष्ण पुत्र प्रेम सिंह निवासी ग्वाड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
📌 मौसम समाचार : हिमाचल में होगी बारिश, पड़ेंगे ओलेहिमाचल प्रदेश में आज मौसम खराब रहेगा। प्रदेश में 16 मई तक प्रदेश में आंधी, तूफान, और बारिश होगी। इसके साथ ही ऊपरी क्षेत्रों में ओलावृष्टि को लेकर भी मौसम विज्ञान केंद्र ने अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो 16 मई तक प्रदेश के मैदानी, मध्य व उंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम खराब ही रहेगा। 17 मई को मौसम साफ रहने के बाद 18 को एक बार फिर से मौसम के तेवर कड़े रहेंगे, जिससे समूचे प्रदेश में खराब मौसम से लोगों की दिक्कतें बढ़ सकती हैं।
📌 आज का विचार : अपनी पीड़ा सह लेना और दूसरे जीवों को पीड़ा न पहुंचाना, यही तपस्या का स्वरूप है -संत तिरुवल्लुवर
📌 हिमाचल न्यूज पर आज लाइव होंगे दीपक जनदेवा
हिमाचल न्यूज के लाइव म्यूजिक कार्यक्रम "दिल से दिल तक" में आज शाम आठ बजे Voice of Himalayas फेम दीपक जनदेवा शामिल होंगे। दीपक के साथ दिल से दिल तक कार्यक्रम में जुडने लिए हमारे को Facebook Page Himachal News7 को लाइक करें और इस कार्यक्रम का लुत्फ उठाएं।

Comments
Post a Comment