📌 Coronavirus Update : हिमाचल में सात नए संक्रमित, 74 पहुंचा आंकड़ाहिमाचल में कोरोना संक्रमण का आक्रमण दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। वीरवार को सात नए मामले आने से प्रदेश में अब हालात खराब होने लगे हैं। इन मामलों में दो सिरमौर, दो कांगड़ा और दो बिलासपुर और एक हमीरपुर से है। इसी के साथ प्रदेश भर में कोरोना संक्रमण के मामलों की संख्या 74 पर पहुंच गई है। राज्य में एक्टिव मरीजों का आंकड़ा भी 33 तक पहुंच गया है। कांगड़ा में पॉजिटिव पाए गए मेडिसिन डिपार्टमेंट के युवा डाक्टर के तीसरे दिन लिए गए सैंपल की रिपोर्ट फिर पॉजिटिव पाई गई है। प्रदेश में वीरवार को 1114 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे जिनमें से 813 सैंपल की जांच रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई, जबकि सात की पॉजिटिव। इसके अलावा 299 लोगों की जांच रिपोर्ट आनी बाकी है। प्रदेश में अब तक 14300 लोगों की जांच की जा चुकी है, जिनमें से 13927 लोगों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव पाई जा चुकी है एवं 74 व्यक्तियों में इस संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। 33 लोग अस्पतालों में उपचाराधीन हैं।
पहला व दूसरा मामला : जानकारी के मुताबिक सिरमौर के पांवटा में चार मई को दिल्ली के शहादरा से लौटी 30 वर्षीय महिला अपनी बेटी सहित कोरोना पॉजिटिव पाई गई है।
तीसरा मामला : बिलासपुर के स्वारघाट क्वारंटाइन सेंटर में एक और व्यक्ति कोरोना से संक्रमित पाया गया है। यह व्यक्ति हमीरपुर के भोरंज का बताया जा रहा है और अहमदाबाद से लौटा था।
चौथा मामला : बिलासपुर से ही एक 43 वर्षीय व्यक्ति भी कोरोना से पॉजिटिव जो कोविड अस्पताल मंडी में दाखिल दिल्ली के ड्राइवर के संपर्क में आया था।
पांचवा मामला : हमीरपुर के कक्कड़ सिरी गांव का एक व्यक्ति भी कोरोना की चपेट में आ गया है। यह कोरोना पीडि़त बजरोल (सुजानपुर) के 50 वर्षीय संक्रमित का नजदीकी रिश्तेदार है।
छठा मामला : नौ मई को मुंबई से कांगड़ा लौटी 24 साल की युवा इंजीनियर भी वायरस से संक्रमित हो गई हैं।
सातवां मामला : धर्मशाला के पास शिल्ला चौक की 57 वर्षीय महिला की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। यह महिला दो दिन पहले ही दिल्ली से लौटी थी।
📌 देशभर में 78,003 संक्रमित, 2549 की मौतदेशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 78,003 हो गई है, जिनमें 49,219 सक्रिय हैं, 26,235 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 2549 लोगों की मौत हो चुकी है।
📌 दुनियाभर में मृतकों की संख्या तीन लाख के पार, 44 लाख से अधिक संक्रमितवैश्विक महामारी कोरोना के कहर से दुनिया लगातार जूझ रही है। जॉन हॉप्किंस के आंकड़ों के मुताबिक कोरोना की वजह से दुनियाभर में मरने वालों की संख्या तीन लाख के पार हो गई है, वहीं इस वैश्विक महामारी से अब तक 44 लाख से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं। अब तक 16 लाख 58 हजार से ज्यादा लोगों ने कोरोना को मात दी है। दुनिया में सबसे ज्यादा प्रभावित देश अमेरिका में मृतकों की संख्या 85 हजार को पार कर गई है और 14 लाख 30 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं।
📌 मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय विदेश मंत्री से उठाया धर्मपुर के मनोज कुमार का मामलामुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने केंद्रीय विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर से आग्रह किया कि वे मंडी जिला की धर्मपुर तहसील के ग्राम टोर जाजर के दूनी चंद के सुपुत्र मनोज कुमार को हर संभव मदद प्रदान करने के लिए यूएई के रियाद दूतावास अधिकारियों के साथ मामला उठाएं, जो रियाद में काम कर रहा है और कोविड-19 पाॅजिटिव पाया गया है। जांच और प्रारंभिक उपचार के बाद उसे स्थानीय अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और जिस कंपनी में वह काम कर रहा था, उसे वहां से निकाल दिया गया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां click करें :
📌 वीरभद्र बोले : राहत देने की जगह लोगों पर महंगाई न थोपे सरकारपूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने प्रदेश सरकार के सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत एपीएल परिवारों को सब्सिडी के सस्ते राशन से बाहर करने के निर्णय पर हैरानी जताते हुए कहा कि इस निर्णय से आम लोगों के जीवन पर विपरीत असर पड़ेगा। आज देश आर्थिक मंदी के साथ कोरोना महामारी से लड़ रहा है। ऐसे में बढ़ती महंगाई से आम लोगों को राहत दी जानी चाहिए न कि उन पर महंगाई थोपनी चाहिए। वीरभद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश में आधे से ज्यादा लोग मिडल क्लास परिवार के हैं। लोग खेती-बाड़ी, बागवानी या फिर छोटा कारोबार कर अपना व परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। पूर्व कांग्रेस सरकार ने देश में बढ़ती महंगाई व प्रदेश के लोगों की आर्थिकी को देखकर ही डिपुओं के माध्यम से सस्ते अनाज देने की एक बड़ी व्यवस्था शुरू की थी। इसके लिए उनकी सरकार ने हमेशा ही उचित बजट का प्रावधान भी किया, पर आज यह व्यवस्था कही न कही टूटती नजर आई है। वीरभद्र सिंह ने सरकार को अपने इस फैसले पर दोबारा विचार करने की सलाह दी। कहा कि इस समय देश गंभीर चुनौतियों से गुजर रहा है, ऐसे में लोगों के साथ न तो कोई अन्याय होना चाहिए और न ही किसी प्रकार का भेदभाव।
📌 मुकेश अग्निहोत्री ने भी जताया विरोधनेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार कोविड की आड़ में राशन की कटौती पर हाथ न डाले। बिना देरी प्रदेश सरकार को अफसरशाही के इस फैसले को तुंरत वापस करना चाहिए। मुकेश ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय कुछ अफसर बीपीएल व एपीएल में खाई पैदा करना जाना चाहते थे, लेकिन मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति को दिखाते हुए वीरभद्र सिंह ने प्रदेश के हर नागरिक के लिए राशन की योजना शुरू की थी, लेकिन अब फिर जयराम को अफसरशाही ने एपीएल के राशन पर डाका डालने जैसे काम किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में हर वर्ग के लिए राशन की योजना जारी रखनी चाहिए। इस पर न तो टैक्स पेयर और न ही एपीएल को लेकर सबसिडी की कटौती होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को विभागीय खर्चे, गाडि़यों सहित अन्य खर्चों को कम करने का प्रस्ताव लाना चाहिए, ताकि हिमाचल में मजबूती के साथ कोविड-19 की लड़ाई लड़ सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में दिशाहीन होकर मुख्यमंत्री ऐसे फैसले कर रहे हैं, जो जनता पर बोझ बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि शराब, पेट्रोल पर तो कोविड सेस तो समझ में आता है, लेकिन बिजली पर सेस लगाने की कवायद का विरोध होगा।
📌 रणधीर शर्मा का पलटवार : सिर्फ राजनीति चमकाने में लगे हैं कांग्रेस नेताकाग्रेंस के बयान पर भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने पलटवार करते हुए कहा है कि कांग्रेस नेता अपनी राजनीति चमकाने में लगे हैं। इसीलिए इस प्रकार की बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह कहना गलत है कि सरकार किसी भी प्रकार के सुझाव नहीं ले रही है। कांग्रेस अगर बैठक कर एकमत में अपना सुझाव पत्र भेजेगी, तो सरकार उसको अपनाएगी और विचार करेगी।
📌 मुख्यमंत्री ने पंचायत प्रधानों से कही ये बड़ी बातेंमुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने ग्राम पंचायतों के प्रधानों और अन्य लोकतांत्रिक संस्थाओं के चुने हुए प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में कोरोना महामारी के प्रसार को रोकने तथा इससे निपटने के लिए उचित प्रबधंन करने का आह्वान किया है। उन्होंने राज्य में होम क्वारंटीन सुविधाओं के क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए आगे आने का आग्रह भी किया। मुख्यमंत्री ने आज यहां मंडी और कुल्लू जिला के पंचायती राज संस्थानों के चुने हुए प्रतिनिधियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में फंसे हुए एक लाख से अधिक हिमाचलवासी राज्य में वापस लौट आए हैं और कोरोना वायरस के दृष्टिगत लगभग 60 हजार और लोगों ने राज्य में वापस आने की इच्छा जताई है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां click करें :
📌 बागवानी महकमे ने शुरू किया ई-उद्यान पोर्टल, बागवानों को होंगे ये फायदेमुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज यहां विश्व बैंक द्वारा वित्त पोषित हिमाचल प्रदेश बागवानी विकास परियोजना के तहत ई-उद्यान पोर्टल तथा इसी पोर्टल का मोबाइल एप्लीकेशन का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पोर्टल के माध्यम से उद्यान विभाग की विभिन्न सेवाओं के लिए मैनेजमेंट इन्फार्मेशन सिस्टम तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि इस पोर्टल में बागवानी संबंधित सभी योजनाओं की जानकारी किसानों तथा अन्य हितधारकों को आसानी से उपलब्ध होगी। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां click करें :
📌 सेनेटाइजर घोटाला : विजिलेंस ने कब्जे में लिया रिकार्डहिमाचल सचिवालय में हुए सेनेटाइजर घोटाले में स्टेट विजिलेंस ने रिकार्ड कब्जे में ले लिया है। वीरवार को विजिलेंस की टीम ने सचिवालय पहुंच कर इस मामले से जुड़ा अहम रिकार्ड अपने कब्जे में लिए। जांच एजेंसी ने सचिवालय प्रशासनिक विभाग से सेनेटाइजर की खरीद को लेकर हुए टेंडर, आंबटन से लेकर सप्लाई ऑर्डर का रिकार्ड लिया। ऐसे में अब सप्लायर से लेकर कुछ अधिकारियों व कर्मचारियों से भी पूछताछ कर बयान दर्ज किए जाएंगे। एसएडी की रिपोर्ट के आधार पर ही विजिलेंस ने मामला दर्ज किया है। हालांकि एफआईआर में अभी सप्लायर को ही नामजद करते हुए धोखाधड़ी व जालसाजी का मामला दर्ज किया गया है।
📌 कसोल : कटा सिर और बाजू मिलने दहशतपार्वती घाटी के कसोल के पास बीच सड़क में एक व्यक्ति का कटा हुआ सिर व बाजू मिलने से पूरी घाटी में दहशत का माहौल है। घटना वीरवार दोपहर करीब तीन बजे की है। स्थानीय लोगों ने देखा कि कसोल-मणिकर्ण सड़क पर कसोल के साथ पांच से छह आवारा कुत्ते एक व्यक्ति का सिर और बाजू जंगल की तरफ से सड़क पर लाए थे। लोगों ने इसे कुत्तों से छुड़वाया और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो कुछ दूर जंगल में एक शव भी बरामद हुआ। शव जंगल में गली-सड़ी अवस्था में पड़ा था। पुलिस अधीक्षक कुल्लू गौरव सिंह ने कहा कि पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
📌 जुब्बल : बिजली गिरने से 85 भेड़-बकरियों की मौतशिमला जिले की तहसील जुब्बल की ग्राम पंचायत कुड्डू के सराजी छाजपुर के जंगल में बुधवार शाम आसमानी बिजली के गिरने से तीन लोगों की करीब 85 भेड़-बकरियों की मौत हुई है। जानकारी के मुताबिक भेड़पालक अपनी भेड़-बकरियों की टोली ओडी थाच में चुगान के लिए लाई गई थी। बुधवार शाम के समय करीब साढे़ पांच बजे बारिश होने पर भेड़ बकरियां पेड़ के नीचे इकट्ठा हो गईं। अचानक बिजली गिरने से पेड़ के नीचे खड़ा भेड़- बकरियों का झुंड छिटक कर इधर-उधर बिखर गया। भेड पालक घटना स्थल से कुछ दूरी पर होने के बाद चपेट में आने से बच गए।
📌 मौसम समाचार : आज बारिश, कल धूपहिमाचल प्रदेश में आज भी मौसम खराब बना रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आज भी प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान जताया है जबकि शनिवार से पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार हैं।
📌 आज का विचार : हमें भूत के बारे में पछतावा नहीं करना चाहिए, ना ही भविष्य के बारे में चिंतित होना चाहिए; विवेकवान व्यक्ति हमेशा वर्तमान में जीते हैं – चाणक्य
📌 हिमाचल न्यूज पर आज लाइव होंगे अरविन्द डडवाल
हिमाचल न्यूज के लाइव म्यूज़िक शो दिल से दिल तक में आज शाम संगीत की महफ़िल सजाएंगे Voice of INDIA फ़ेम अरविन्द डडवाल। अरविन्द के साथ इस कार्यक्रम का लुत्फ उठाने के लिए जुड़िए हमारे Facebook Page Himachal News7 पर आज शाम 8 बजे।

Comments
Post a Comment